कानपुर कांड के मुख्य आरोपी गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी मिली है कि मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को खुद विकास दुबे ने कहा था कि वो विकास दुबे है कानपुर वाला। जिसके बाद गार्ड ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आला अधिकारी वहां पहुंच कर उससे पूछताछ की और यूपी पुलिस को इसकी सूचना दी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर एमपी के सीएम को बधाई दी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विकास दुबे महाकाल मंदिर पहुंचा था और यहां उसने खुद ही चिल्ला-चिल्ला कर शोर मचाया कि वह विकास दुबे है। उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। इस पर महाकाल मंदिर की सुरक्षा में लगी निजी एजेंसी के गार्डों ने उसे पकड़ा और पुलिस को खबर की गई। उसे महाकाल मंदिर से पहले महाकाल थाना ले जाया गया। इसके बाद किसी अन्य स्थान पर ले जाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। जानकारी यह भी सामने आई है कि दुबे सुबह 7:45 अपने कुछ साथियों के साथ महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आया था।उसने 150 की पर्ची कटाई थी और दर्शन कर लौटने के बाद उसने वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी दी कि वो विकास दुबे है।
पुलिस की गिरफ्तारी के बाद भी मीडिया के सामने पुलिस की मौजदूगी में विकास दुबे ने चिल्लाकर कहा कि वो विकास दुबे है कानपुर वाला।