Dehradun News

देहरादून में हत्या: शराब पीने के बाद दोस्तों ने ही उतारा मौत के घाट, शव को लगाया ठिकाने

Dehradun Crime: राजधानी देहरादून के रेसकोर्स इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसके ही तीन दोस्तों ने की और वारदात के बाद शव को हरिद्वार ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था युवक

मिली जानकारी के मुताबिक पोक्सो एक्ट में आरोपी दिगंबर धीमान 9 फरवरी को अपने पिता के साथ देहरादून कोर्ट में पेशी पर पहुंचा था। उसने कोर्ट रजिस्टर में हस्ताक्षर भी किए, लेकिन उस दिन उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। शाम को कोर्ट से निकलते वक्त उसने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह थोड़ी देर में पहुंच जाएगा। इसके बाद वह रात तक भी घर नहीं लौटा।

कहासुनी के चलते सिर पर किया वार

परिजनों के अनुसार दिगंबर कोर्ट से निकलने के बाद वह रेसकोर्स क्षेत्र स्थित गड्ढा कॉलोनी के पास अपने तीन दोस्तों के साथ बैठा। चारों ने साथ में शराब पी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी दौरान आपसी कहासुनी शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि झगड़े के बीच एक दोस्त ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद घबराए तीनों दोस्त शव को वाहन में डालकर हरिद्वार की ओर ले गए और वहां ठिकाने लगा दिया।

11 फरवरी को दर्ज हुई मिसिंग रिपोर्ट

दिगंबर के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 11 फरवरी को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस करने पर हत्या का मामला सामने आया। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों संदिग्ध दोस्तों की लोकेशन ट्रेस कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: देहरादून में दिनदहाड़े गैस एजेंसी के मालिक की हत्या मामला, सामने आया बड़ा अपडेट

नाबालिग यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी है युवक

गौरतलब है कि मृतक दिगंबर धीमान वर्ष 2021 में थाना वसंत विहार क्षेत्र में दर्ज नाबालिग यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी था और उसी सिलसिले में 9 फरवरी को कोर्ट पहुंचा था। जिसके बाद युवक घर से दोस्तों के साथ पार्टी के लिए निकला था। युवक की मौत के बाद से ही उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें