उत्तराखंड में इस समय प्रकृति अपने पूरे निखार पर है। पहाड़ों पर हर ओर बर्फ की सफेद चादर फैली हुई है। प्रकृति के दिए इस नजारे ने पर्यटकों को खुश कर दिया है। दो दिनों से बदले मौसम की वजह से तकरीबन पूरे राज्य में बर्फबारी हुई है। मसूरी से लेकर केदारनाथ तक बर्फ की चादर बिछी हुई है।
बुधवार को बदले मौसम के बाद राज्य के चार धामों में रुक रुक कर बर्फबारी होती रही।
केदारनाथ धाम पूरी तरह से बर्फ को मोटी चादर से ढक गया है। यहां बुधवार को दिन में तकरीबन तीन घंटे तक बर्फबारी होती रही। धाम में हर तरफ बर्फ की मोटी चादर नजर आ रही है। यहां तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। ठंड और बर्फबारी की वजह से निर्माण कार्यों की रफ्तार धीमी हो गई है।
बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, फूलों की घाटी, औली में बर्फबारी हुई है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए बर्फबारी होने से मजा दोगुना हो गया है।
वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री में भी जमकर बर्फ गिरी है। बर्फबारी और बारिश के चलते ठंड में जबरदस्त इजाफा हुआ है। लगातार हो रही बर्फबारी से यहां हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। बर्फ की मोटी चादर ने पूरे धाम को अपने आगोश में लिया हुआ है।
वहीं जौनसार बावर के इलाकों में भी अच्छी बर्फबारी की खबरें हैं। चकराता, नागथात, कथियान आदि क्षेत्रों की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है। कोटी कनासर, लौहारी और लोखंडी समेत आस पास की ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गईं। इससे तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई। वहीं, इस सीजन की पहली बर्फबारी से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं।
मसूरी और धनोल्टी में भी बर्फबारी हुई है। हालांकि बहुत अच्छी बर्फ नहीं पड़ी और अधिक देर तक टिकी भी नहीं।