highlightAlmora

सर्दियों में भी नहीं थम रही वनाग्नि की घटनाएं, धधक रहे अल्मोड़ा के जंगल

प्रदेश में सर्दियों में भी जंगलों में आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। सर्द मौसम में भी पहाड़ों पर जंगल सुलग रहे हैं। जंगलों में आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को हवालबाग के नजदीक नाकोट के जंगल में आग लग गई। पूरी रात जंगल सुलगता रहा। हैरानी की बात तो ये रही कि आग के कारण जंगल बरबाद होता रहा और वन विभाग को इसकी भनक भी नहीं लगी।

लाखों की वन संपदा जलकर खाक

नाकोट का जंगल में आग लगने से खासा नुकसान हुआ है। देखते ही देखते आग जंगल के आधे हेक्टेयर दायरे में फैल गई। आग के कारण लाखों की वन संपदा जलकर राख हो गई। जंगल में चीड़ के कई पेड़ धराशायी हो गए हैं। रातभर सुलगने के बाद आग खुद ही बुझ गई जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

आग के कारण उठ रहा धुआं बना परेशानी का सबब

जंगलों में आग लगने के कारण उठ रहा धुआं आबादी में पहुंच गया जिसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दियों के मौसम में जंगलों से आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे धुएं से बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

सर्दियों में आग की 13 घटनाएं आ चुकी हैं सामने

इस बार सर्दियों में बारिश बेहद ही कम हुई है। जिसके कारण पहाड़ के जंगलों में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। अक्तूबर से दिसंबर महीने में अब तक जंगलों में आग लगने की 13 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जिस से वन विभाग भी परेशान है। वन विभाग का कहना है कि अराजक तत्व जान-बूझकर जंगलों में आग लगा रहे हैं।

Yogita Bisht

योगिता बिष्ट उत्तराखंड की युवा पत्रकार हैं और राजनीतिक और सामाजिक हलचलों पर पैनी नजर रखती हैंं। योगिता को डिजिटल मीडिया में कंटेंट क्रिएशन का खासा अनुभव है।
Back to top button