कोटद्वार- कोटद्वार में चल रही सेना भर्ती रैली में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर भर्ती होने आये पांच युवकों को सेना के अधिकारियों ने दबोच लिया। कल भी छह युवक पकड़े गए थे। इस तरह अब तक कुल 11 युवक गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
भर्ती रैली में आज रुद्रप्रयाग जनपद की भर्ती थी। रैली में अलीगढ के पांच युवकों ने दौड़ पूरी की। दौड़ के बाद जब प्रमाणपत्रों की जांच शुरू हुई तो जांच में प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए।
सेना के अधिकारियों ने कड़ी पूछताछ की तो युवको ने अलीगढ में ही फर्जी प्रमाणपत्र बनाने की बात स्वीकारी। पांचो युवक को सेना ने गिरफ्तार कर लिया। कल भी चमोली जनपद की भर्ती रैली में सेना ने छह युवकों को फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर गिरफ्तार किया था, जबकि एक युवक भागने में सफल रहा। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।