एक बार फिर पिता व बेटी के रिश्ते शर्मसार हो गए। शराबी पिता ने अपनी ही मासूम आठ वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म कर डाला। मामला चम्पावत जिले का है. जहां पत्नी ने पति पर आरोप लगा जब शिकायत की तो पुलिस ने 151 में चालान कर आरोपी पिता को जेल भेज दिया, जबकि निर्भया सेल की प्रभारी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की बात कही है। साथ ही मुकदमा दुष्कर्म में करने की रिपोर्ट पुलिस अधिकारियों को भेजी है।
शनिवार सुबह पाटी थाना क्षेत्र की एक महिला बेटी संग समाज कल्याण विभाग पहुंची। महिला ने जब बेटी के साथ पिता द्वारा दुष्कर्म करने की बात कही तो कर्मचारियों ने निर्भया प्रकोष्ठ की काउंसलर मीनू पंत को बुला लिया। उन्होंने मासूम से घटना की जानकारी ली। महिला ने बताया कि 22 अक्टूबर को रात्रि उसके पति ने बच्ची के साथ दो बार दुष्कर्म किया।
उसने इसकी शिकायत पुलिस से की तो आरोपी पति को पकड़कर पुलिस थाने ले गई और 151 में चालान कर जेल भेज दिया। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसकी सही से सुनी भी नहीं। उसकी बच्ची की हालत बिगड़ रही है, वह चल तक नहीं पा रही है।
अगर पुलिस ने सही कार्रवाई नहीं की तो वह बड़ा कदम उठाएगी। एसपी के न मिलने पर बच्ची को लेकर उसकी मां निर्भया काउंसलर मीनाक्षी नौटियाल से शिकायत की और तहरीर दी। मीनाक्षी ने बच्ची के साथ प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि की है।
महिला ने मारपीट की तहरीर दी थी। दुष्कर्म का कोई जिक्र नहीं था। तहरीर के आधार पर उसके पति को 151 में चालान कर जेल भेज दिया। अगर दुष्कर्म की शिकायत होती तो वह मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज करते।
प्रेम विश्वकर्मा, एसओ, पाटी
प्राथमिक जांच में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बच्ची सही से चल नहीं पा रही है, उसकी हालात खराब है। आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा के लिए रिपोर्ट पाटी थाने में भेज दी गई है।
मीनू पंत, काउंसलर, निर्भया प्रकोष्ठ