UttarakhandhighlightNainital

भारी बारिश से हुआ काश्तकारों को नुकसान, विधायक ने सीएम को पत्र लिख की मुआवजे की मांग

भारी बारिश ने प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में तबाही मचाई हुई है। जिससे पहाड़ के काश्तकारों को भी काफी नुकसान हुआ है। नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में अतिवृष्टि से करीब 70% फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिसे देखते हुए भीमताल विधायक ने अधिकारियों और किसानों के साथ बैठक की।

बारिश से हुआ काश्तकारों को भारी नुकसान

भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने बैठक के दौरान कहा कि अतिवृष्टि के चलते उनके क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। किसानों के फसलों के साथ-साथ कई जगहों पर खेत बह गए हैं। इसके अलावा कई ग्रामीण लोगों के मकानों को भी नुकसान हुआ है।

मार्केट में नहीं मिल रहा सेब को सही मूल्य

भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भारी वर्षा और आपदा के मद्देनजर वह खुद अपने क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं। कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा सरकार द्वारा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा फल पट्टी क्षेत्र के सेब को मार्केट में सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है। जिससे किसान परेशान हैं।

सीएम को पत्र लिख की मुआवजे की मांग

विधायक राम सिंह कैड़ा ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को सेब का सही मूल्य दिलाने के निर्देश दिए। कैड़ा ने कहा किसानों को हुए नुकसान का कृषि और हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा आकलन कराया जा रहा है। आकलन के बाद किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सीएम धामी को पत्र भी लिखा है।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button