टिहरी: टिहरी जिले के बेलेश्वर स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाएं बदहाल हैं। अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पटरी से उतरी हुई हैं। अस्पताल में अक्सर धरना-प्रदर्शन होते रहते हैं। धरना कभी कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर दे रहे हैं, तो कभी लोग अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए यहां प्रदर्शन करते रहते हैं। एक बार फिर से कर्मचारियों ने अस्पताल में वेतन के लिए आंदोलन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार यहां पर पिछले करीब आठ से दस सालों से कर्मचारी उपनल के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल में तैनात 6 कर्मचारी कई बार अपनी मांग लिखित रूप में विभागीय अधिकारियों से कर चुके हैं। बावजूद उनकी समस्या का हल नहीं निकाला जा रहा है। इसके चलते उनको दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।
उनका आरोप है कि पिछले 16 महीनों से उनका वेतन नहीं मिला है। लगातार मांग करते रहे हैं। बावजूद वेतन अब तक नहीं दिया गया। साथ ही उपनल में उनकी नवीनीकरण भी नहीं किया जा रहा है, जिससे अब उनके सामने बड़ा संकट है कि 8-10 साल से काम करने के बाद अब उनके पास दूसरा कोई विकल्प भी नहीं बचा है।
हड़ताली कर्मी धीरज सिंह रावत का कहना कि डबल इंजन की सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। एक तरफ उन्हें 16 महीनों से मानदेय नहीं दिया गया है। वहीं, उनका नवीनीकरण भी नहीं किया है। इस अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में विश्वनाथ कोटियाल, पंकज कुमार, चमन लाल, विजेंद्र लाल, धीरज सिंह और नरेश कुमार शामिल हैं।