हल्द्वानी से सटे टांडा रेंज में हाथी का कहर: दो लोगों को उतारा मौत के घाट, इलाके में दहशत

हल्द्वानी से सटे टांडा रेंज के जंगल में दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। घटना लालकुआं क्षेत्र से लगे जंगल के भीतर पहाड़ी खत्ते की बताई जा रही है।
हल्द्वानी से सटे टांडा रेंज में हाथी ने ली दो लोगों की जान
हल्द्वानी से सटे टांडा रेंज के जंगल में हाथी ने दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
मृतकों के परिजनों को दिया जाएगा मुआवजा: SDM
एसडीएम लालकुआं रेखा कोहली ने बताया कि वन विभाग और राजस्व की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंची हैं। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, आसपास के गांवों और जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इलाके में दहशत का माहौल
वन विभाग को खास तौर पर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने को कहा गया है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।