महाशिवरात्रि पर्व पर ऋषिकेश स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर से जलाभिषेक कर लौट रहे दिल्ली निवासी दो युवकों पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार तड़के की है। नीलकंठ महादेव मंदिर से लौट रहे दिल्ली के दो शिव भक्त राजाजी नेशनल पार्क के बीच से गुजर रहे थे। घना अंधेरा होने के कारण उन्हें झाड़ी में छिपे जंगली हाथी का पता नहीं चल सका।
हाथी के हमले में दिल्ली करोल बाग निवासी 20 वर्षीय देशबंधु कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि प्रताप सिंह निवासी रामेश्वर नगर दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र अधिकारी दिनेश उनियाल कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने फायरिंग कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। मृतक का शव मॉर्चरी में रखा गया है। जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।