Rudraprayag News

केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को परखने धाम पहुंचे DM-SP, व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर दिए जरुरी निर्देश

केदारनाथ यात्रा 2026 के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर केदार सभा के अध्यक्ष, BKTC के प्रतिनिधियों और हक-हकूकधारियों के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे। जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

केदारनाथ धाम पहुंचकर DM और SP ने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केदारनाथ धाम पहुंचकर संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्रा व्यवस्थाओं के दृष्टिगत बर्फ हटाने, यात्रा पैदल मार्ग दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और मूलभूत सुविधाओं को पुनर्स्थापित किए जाने की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।

डीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है, जिसके दृष्टिगत प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धाम क्षेत्र में लगभग 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमों को लगातार सक्रिय किया जा रहा है।

जल्द शुरू होगी धाम में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया

डीएम ने बताया बर्फ हटाने के साथ ही धाम में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। साथ ही, यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, विद्युत, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध तरीके से पुनर्स्थापित करने के लिए लगातार टीमें भेजी जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वर्तमान में धाम में है पुलिस के 3 और ITBP के 12 जवान तैनात

एसपी नीहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम में पुलिस के 3 और आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस साल पूर्व वर्षों के अनुभव और प्राप्त फीडबैक के आधार पर सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही, श्रद्धालुओं के आवागमन, ठहरने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें