रुड़की- रुड़की में एक मानसिक रूप से दिव्यांग लड़का कहता रहा कि उसकी मां कुछ दिन से न बोल रही है और न ही कुछ खा रही है, लेकिन लोगों ने उसकी बात का यकीन नहीं किया। कोई उसकी मदद को नहीं आया, सब उससे बचते रहे।
आखिर बुधवार जब उसने जिद पकड़ ली तो कुछ लोग अंदर झांकने गए तो उनके होश उड़ गए। अंदर बुजुर्ग महिला का शव पड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि महिला चार दिन पहले मर गयी थी। तब से दिव्यांग बेटा अपनी मां के शव के साथ रह रहा था।
घटना रुड़की में गंगनहर कोतवाली के अंबर तालाब की है। यहां एक 80 साल की महिला अपने दिव्यांग बेटे के साथ रहती थी। महिला कुछ दिनों से बीमार थी। चार दिन पहले उसकी मौत हो गयी। दिव्यांग बेटा कई दिनों से लोगों को कह रहा था की उसकी मां कुछ बोल नहीं रही और न कुछ खा रही है।
लोगों को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ। बुधवार को उसने जिद की तो लोग घर में गए तो महिला की मौत का पता चला। इंस्पेक्टर कमल कुमार लुंठी ने बताया की महिला बीमार थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला के एक बेटा बाहर नौकरी करता है, उसे सूचना दे दी गयी है।