संवाददाता। दीपावली कोई एक पर्व नहीं बल्कि पर्वों का समूह है। धनतेरस, नरका पूजा यानि कि छोटी दीपावली, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज। शुक्रवार को धनतेरस के साथ शुरू होने जा रहे दीपावली के त्योहार की रौनक से बाज़ार ग़ुलज़ार हैं। धनतेरस के लिए बाज़ार नए-नए आयटम के साथ खरीदारों को लुभाने को सजकर तैयार हैं। लोगों में खरीदारी को लेकर ख़ासा उत्साह है, बर्तन, इलैक्ट्रॉनिक सामान, पूजा की सामग्री, सजावट का सामान, मिठाइयों से लेकर आभूषणों की सभी दुकानें खरीदारों से खचाखच भरी हैं। बस लोगों को अब धनतेरस के शुभ मुहूर्त में खरीदारी का इंतजार। धनतेरस के दिन स्थिर लग्न में की गयी खरीदारी अति शुभ फलदायक होती है। इस बार धनतेरस की तिथि 27 अक्टूबर से शुरू है लेकिन खरीदारी और लक्ष्मीपूजन 28 अक्टूबर को किया जाएगा। त्रयोदशी तिथि में स्थिर लग्न सुबह 07:50 से 09:50 बजे तक दोपहर 01:55 से 03:08 बजे तक और शाम 06:29 से रात 08:12 बजे तक होने के कारण इस बीच की गयी खरीदारी शुभ फलदायी रहेगी। इस दिन लक्ष्मी पूजन के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त प्रदोष काल और वृष लग्न शाम 06:29 से रात 07:50 बजे तक है।