देहरादून : उत्तराखंड में शुक्रवार रात से मौसम ने करवट बदली। कई जिलों में देर रात बारिश शुरु हुई जो की शनिवार सुबह तक जारी रही। देहरादून में भी जमकर बारिश हुई जिससे ठिठुरन बढ़ गई। इसी के साथ बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। उत्तरकाशी समेत कई पहाड़ी जिलों में बर्फबारी हुई और ठंड बढ़ी।
वहीं बात करें मसूरी की तो मसूरी के आसपास नागटिब्बा, धनोल्टी और सुरकंडा की पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गईं। वहीं, चमोली जिले में औली की पहाड़ियों पर भी बर्फ की चादर बिछ गई। उस नजारे ने लोगों का मन मोह लिया। बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। देहरादून समेत अन्य मैदानी इलाकों में जकरर बारिश हुई जिससे ठंड बढ़ गई लेकिन रविवार को चटख धूप खिली जिसने ठिठुरन को कम किया।
वहीं राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बार फिर से कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिन घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी और नैनीताल के मैदानी इलाकों में घने कोहरे से दुश्वारियां बढ़ सकती हैं। इस बीच मैदानी शहरों के तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।