देहरादून: रेसकोर्स इलाके में एक नव विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार दोपहर को उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें मौत के लिए उसने खुद को जिम्मेदार बताया है।
नवविवाहिता अपने पति के साथ दिल्ली में रहती थी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विवाहिता अपने पति के साथ दिल्ली में रहती थी। तीन दिन पहले ही वह दून आई थी। फिलहाल पुलिस विवाहिता के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
नेहरू कॉलोनी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि प्रगति नगर, रेसकोर्स में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला ने फांसी लगा ली है। सूचना पर सीओ डालनवाला जया बलूनी व इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी राजेश शाह मौके पर पहुंचे। जहां मृतका की पहचान ऊषा रानी (26 वर्ष) पत्नी चंद्रकांत नैथानी के रूप में हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि ऊषा की अप्रैल 2018 में शादी हुई थी। उसका पति दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। वह दिल्ली में पति के साथ ही रह रही थी। तीन दिन पहले ही वह यहां आई थी।
युवती के पास से मिला सुसाइड नोट, खुद को बताया जिम्मेदार
ससुराल पक्ष मूल रूप से रुद्रप्रयाग के रहने वाले हैं, जबकि विवाहिता मेरठ की थी। पुलिस के मुताबिक उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने मौत के लिए खुद जिम्मेदार बताया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।