देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ मुहिम में उत्तराखंड ने अपनी सबसे बड़ी और देश में पहली भागीदारी कर दी है। राजधानी देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ पचास किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई है। इस मानव श्रृंखला में तकरीबन एक लाख लोगों ने भागीदारी की। खुद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी इस मुहिम में अपना सहयोग देने के लिए शामिल हुए। सीएम ने खुली जीप में मानव श्रृंखला में शामिल हुए लोगों का हौसला बढ़ाया। मियांवाला चौक पर सीएम ने इस मानव श्रृंखला के आयोजन की शुरुआत की। इसके बाद वो खुली जीप में कुछ दूर तक गए और हाथ हिलाकर श्रृंखला में शामिल लोगों का हौसला बढ़ाया। सीएम ने देहरादून के घंटाघर चौक पर भी लोगों के साथ श्रृंखला बनाई।
इस मुहिम को अधिकारियों और कर्मचारियों का भी पूरा साथ मिला। सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस मुहिम में अपनी भागीदारी दी। इसके साथ ही बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। शहर के कई हिस्सों में ये श्रृंखला बनाई गई। सहारनपुर रोड, तहसील चौक, नगर निगम, जीएमएस रोड, निरंजनपुर, पटेल नगर सहित कई इलाकों में स्कूली बच्चे, नागरिक श्रृंखला में खड़े नजर आए।