देहरादून: पुलिस ने बालिका निकेतन से फरार किशोरी को तो पहले ही बरामद कर लिया था। अपने बयान में किशोरी ने बताया था कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने किशोरी को रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद किया था। वो दिल्ली जाना चाहती थी, लेकिन उसके पास पैसा नहीं था। इस बीच उसे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर एक लड़का मिला, जिसने किशोरी को दिल्ली भेजने के बहाने 200 रुपये दिये और उसके साथ दुष्कर्म किया। सब इंस्पेक्टर आशीष रावत और नीमा रावत के साथ टीम ने किशोरी के बयानों के आधार पर जांच शुरू की।
दरअसल, किशोरी ने अपने बयान में बताया कि जिस लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने लड़की को अपने मोहल्ले के नाम के साथ ही अपना नाम मोबाइल नंबर भी बताया था। उसने कहा था कि उसे दिल्ली वाली गाड़ी में बिठा देगा, जब अगले दिन वो नहीं आया तो लड़की ने राह चलते किसी व्यक्ति से मोबाइल मांगा और एक काॅल करने की बात कही, जिससे उसने लड़के को फोन किया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया।
पुलिस ने इसी मोबाइल नंबर के जरिए लड़के के मोहल्ले का पता लगाया और उसके घर तक पहुंच गई। पुलिस ने लड़के को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में उसने पुलिस को सारी सच्चाई बता दी। जांच में लड़का नाबालिग पाया गया। जिसके बाद उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया।