रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी की पहली फोटोज सामने आ गई हैं। खुद दीपिका पादुकोण ने दो फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर की। इनमें से एक वे और रणवीर कोंकणी रिवाज के तहत दूल्हा-दुल्हन के रूप में नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी फोटो उनकी सिंधी वेडिंग की है। हालांकि, दोनों ही फोटोज में दीपिका और रणवीर कहीं बात करते तो कहीं खिलखिलाकर हंसते दिखाई दे रहे हैं। फोटोज को सिर्फ 7 मिनट में 3 लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया। बता दें कि गुरुवार को दोनों ने सिंधी और बुधवार को कोंकणी रिवाज से शादी की।
सूत्रों के अनुसार वेडिंग वेन्यू को सीक्रेट रखा गया था। यहां तक कि दोनों तरफ के मेहमानों को भी वेडिंग की एक्चुअल लोकेशन के बारे में पता नहीं था। उन्हें सुबह 7 बजे रेडी होने के लिए कहा गया। मेहमानों को वोट से वैन्यू पर लाया गया। इसके बाद उन्हें वेलकम ड्रिंक में फिल्टर कॉफी पिलाई गई, जो दीपिका की फेवरेट ड्रिंक है। इस कॉफी को स्पेशली बेंगलरु से लाया गया था। दीपिका ने कोंकणी रिवाज के लिए लाल और सुनहरे रंग का सब्यसाची मुखर्जी का लहंगा पहना था। वहीं, रणवीर ने सफेद कुर्ता और सफेद मुंडु पहना था। यह रिवाज है कि दुल्हन को घर से वेडिंग वैन्यू तक चलकर जाना होता है। जब दीपिका चलकर वेडिंग वेन्यू पर पहुंची तो सिंगर शुभा मुदगल परफॉर्म कर रही थीं।’ सिंधी वेडिंग के तहत रणवीर ने कांजीवरम शेरवानी पहनी थी, जिसमें धागे से कढ़ाई की गई। साथ ही एक एलाबोरेट दुपट्टा भी उन्होंने कैरी किया। वहीं, दीपिका की बात करें तो उन्होंने रेड और गोल्ड लहंगे के साथ हैवी रीगल ज्वैलरी पहनी थी।
ऐसा था मैन्यू
शादी के मैन्यू में सभी पारंपरिक व्यंजन रखे गए थे, जिसमें पूरन पोली से रसम तक शामिल था। शेफ को स्पेशली कर्नाटक से इटली लाया गया था। मेहमान ये देखकर हैरान रह गए कि पूरा इटैलियन स्टाफ सभी व्यंजनों का नाम एकदम सही तरीके से ले रहा था। यह शानदार सेरेमनी थी। जब दीपिका वरमाला रस्म पूरी कर रही थीं तो उनके फैमिली मेंबर्स और फ्रेंड्स इमोशनल हो गए। दोनों के इस वीकेंड पर देश वापस आने की उम्मीद है। वे तीन रिसेप्शन देंगे। पहला बेंगलुरु के लीला होटल में होगा। दूसरा होटल ग्रैंड हयात मुंबई में होगा जो कि मीडिया के लिए रहेगा। तीसरा रिसेप्शन 1 दिसंबर को होटल ग्रैंड हयात मुंबई में में ही होगा, जिसमें इंडस्ट्री के दोस्त शामिल होंगे।