
देश आज धूमधाम के साथ Dev Diwali का त्योहार मना रहा है। इस खास मौके पर बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा की जाएगी। बाबा के दरबार को फूलों से सजाया जा रहा है। यहां रंग बिरंगी लाइटें भी लगाई जा रही है। इसके अलावा पूरे धाम में दीप जलाए जाएंगे। ललिता घाट व गंगा द्वार को भी दीपों के माध्यम से सजाया जा रहा है।
पहली बार मां गंगा की आरती करेंगी महिलाएं
Dev Diwali पर महिलाएं पहली बार मां गंगा की आरती करेंगी। राजघाट पर 101 महिलाएं देव दीपावली के इस आयोजन को खास बनाएंगी। इस दौरान झांकियों में गुरुनानक देव और गौतम बुद्ध की आभा निखरेगी। सामाजिक संदेश देने वाली झांकी भी रहेगी।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे मुख्य अतिथि
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि होंगे। वह नमो घाट का उद्घाटन भी करेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी रहेंगे।
जलेंगे 17 लाख से ज्यादा दीप
जनसहभागिता से काशी के 84 घाटों, कुंडों, तालाबों और देवालयों में 17 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। 25 मिनट का थ्री डी लेजर प्रोजेक्शन मैपिंग शो, लेजर लाइट एंड साउंड शो होगा। इसके अलावा दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चक गंगा आरती करेंगे और शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में 10 लाख से ज्यादा पर्यटक आ सकते हैं।