देहरादून- देहरादून में आए दिन लूट, चोरी और धोखाधड़ी के मामले बढ़ते जा रहे है. एक बार फिर एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है जिसमें एक महिला ने एक व्यक्ति को प्यार के जाल में फंसाया और इस प्लान में उसका साथ दिया उसी के पति ने.
जी हां देहरादून में एक दंपत्ति ने एक दिव्यांग से लाखों रुपए धोखे से लूट लिए। महिला ने पहले तो दिव्यांग को प्यार के जाल में फंसाया फिर 23 लाख रुपए हड़प लिए।
दिव्यांग की मुलाकात महिला से 2010 में हुई
कोतवाली नगर इंस्पेक्टर बीबीडी जुयाल ने बताया कि कर्ण विजय सिंह निवासी 30 मोहनी रोड दिव्यांग हैं। उनकी मुलाकात वर्ष 2010 में किसी एनजीओ में काम करने वाली शिखा सक्सेना नाम की महिला से हुई। महिला को बातचीत करने पर पता चला कि कर्ण विजय के पास काफी संपत्ति और पैसा है। इसलिए महिला ने उससे जान पहचान बढ़ाना शुरू कर दिया।
महिला अक्सर पीड़ित के पास आने-जाने लगी और प्यार के जाल में फंसाकर विश्वास जीतने के लिए उनकी देखभाल करने लगी। जिससे पीड़ित का विश्वास महिला पर बन गया। इसी बीच महिला की शादी हो गई, लेकिन उसने यह बात कर्ण को नहीं बताई। महिला की ससुराल में आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके बाद महिला ने अपने पति को कर्ण विजय के बारे में बताया और उसके पैसे हड़पने की योजना बनाई।
महिला को पीड़ित के दो म्यूचुअल फंड्स की जानकारी थी। इसलिए उसने पीड़ित को विश्वास में लेकर आढ़त बाजार मे वर्ष 2015 में खाता खुलवाया और उसकी पासबुक व एटीएम अपने पास रख लिया। इसके बाद मौका पाकर म्यूचुअल फंड्स के ऑफिस से एक फॉर्म लाकर उस पर धोखे से कर्ण विजय के हस्ताक्षर करवाकर फंड की कुल रकम 23 लाख रुपए अपने एकाउंट में ट्रांसफर करा लिए।
दोनों पति-पत्नी एटीएम के जरिये धीरे-धीरे रकम निकालते रहे
बाद में दोनों पति-पत्नी एटीएम के जरिये धीरे-धीरे रकम निकालते रहे। पासबुक व एटीएम महिला के पास होने और मोबाइल नंबर भी महिला का होने के कारण पीड़ित को इसका पता नहीं चल पाया। कुछ दिन बाद पीड़ित को जब इस बात का पता चला तो उसकी बहन उर्वशी कुमारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की खोजबीन शुरू कर दी। इसी दौरान पता चला कि उक्त महिला शादीशुदा है और अपने पति के साथ सुभाषनगर हरिद्वार में किराये के मकान में रह रही है।
जिस पर शुक्रवार को पुलिस ने दबिश दी और आरोपित शिखा सक्सेना व उसके पति अमित कुमार सक्सेना निवासी मंडी चौक अमरोहा हाल पता सुभाषनगर थाना रानीपुर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल किया। जिसके बाद उनकी निशानदेही पर धोखे से प्राप्त की गई पांच लाख 68 हजार रुपये की नकदी, लगभग दो लाख की ज्वेलरी व चार महंगे फोन बरामद कर लिए।