लालकुआँ (सचिन गुप्ता) : वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से आर्थिक मदद की अपील की है। इसके बाद से मदद के लिए हर तबके के लोग आगे आ रहे हैं। इस संकट की घड़ी में आर्थिक सहायता देकर मासूम बच्चे भी मिसाल पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में लालकुआ से दिल को छू जाने वाली खबर सामने आई है।
बताते चलें कि नगर के गांधीनगर वार्ड नंबर 2 में रहने वाली सब इंस्पेक्टर स्वर्गीय माया बिष्ट की छः वर्षीय बेटी स्नेह बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद अपने पिता सुरेश सिंह बिष्ट की मौजूदगी में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट को 5100 रुपये का चेक दिया । यहां चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दिया गया ।
इस दौरान मासुम बच्ची स्नेहा बिष्ट ने कहा कि वो यह रुपये कोरोना के खिलाफ जंग में मुख्यमंत्री राहत कोष में दे रही है। उनका कहना है कि जल्द कोरोना वायरस खत्म हो जाएगा। वो भगवान से रोज प्रार्थना भी करती हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन है। ऐसे में गरीब, मजदूर और असहाय लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। संकट की इस घड़ी में समाज के लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए।
आपको बता दें कि यह मासूम बच्ची अपनी मां को सड़क हादसे में खो चुकी हैं जो कि राज्यपाल की ड्यूटी के लिए जा रही थी तभी उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। महिला दारोगा माया बिष्ट कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ती रही और आखिरकार दम तोड़ दिया। उनके साथ दो पुलिसकर्मियों की भी मौत हुई थी।
इधर व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह ने कहा कि गरीब और जरूरतमंदों की मदद कर व्यापार मंडल इंसानियत की मिसाल पेश कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि आज भी व्यापार मंडल द्वारा भी 5100 रूपये का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया गया तथा आगे भी व्यापार मंडल द्वारा मदद जारी रहेगी।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि पूरा देश कोरोना महामारी से लड़ रहा है। संकट की इस घड़ी में सभी लोगों को जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और सरकार के निर्देशों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर ही कोरोना वायरस को हरा सकते हैं। इसके लिए हमें लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करना होगा। लोग अपने घरों में रहें। बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि आज छः बर्षीय मासुम बच्ची स्नेह बिष्ट ने 5100 रुपये का चेक दिया है। इसके साथ ही लालकुआ मंडल द्वारा भी करीब एक लाख रुपये के चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दिए गए हैं। तथा उन्हें उम्मीद है कि यहां मदद आगे भी जारी रहेगी।