काशीपुर: शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने एमपी चौक पर भाजपा विधायक और मेयर के खिलाफ प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान दोनों के पुतले भी फूंके गए।
महानगर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले दिए गए धरने के दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि उषा चौधरी जब से मेयर बनी, तब से शहर की हालत बद से बदतर हो चुकी है। टूटी सड़कें, जर्जर नालियां, प्लॉटों में भरी गंदगी, निगम की सीमा में आने वाले सरकारी खंभों पर लाइट न होना भाजपा महापौर के चुनावी वादों की पोल खोल रहे हैं।
इसके विपरीत नगर निगम तमाम तरह के टैक्स लगा कर शहर की जनता को ठग रहा है। इस दौरान उन्होंने भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा पर भी विकास कार्यों पर ध्यान न देने का आरोप लगाया। कहा कि जो सरकार भ्रष्टाचारों के बोझ तले दबी हो, वह जनता का विकास कैसे करेगी।
धरने पर बैठने वालों में मोहित चौधरी, अल्का पाल, रवि ढींगरा, रोशनी बेगम, जफर मुन्ना, प्रीत बम, इल्यास महिगीर, आनंदपाल, जयसिंह गौतम आदि शामिल थे।