अल्मोड़ा: प्रदेश में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के बंद करने के सरकार के फैसले से कांग्रेसी उबल उठे हैं। शनिवार को नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष पीताम्बर पांडेय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का चौघानपाटा में पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार गरीबों की सभी योजनाओं को लगातार बंद करती जा रही है। इससे इनके हितों पर डाका पड़ रहा है। कांग्रेस हर कदम पर ऐसे फैसलों का विरोध सड़क पर उतरकर करेगी।
चौघानपाटा में पुतला फूंकने के बाद जिलाध्यक्ष पीताम्बर पांडेय ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार गरीबों के हित प्रभावित करने में जुटी है। जो योजनाएं उनके लिए चलाई जा रही थीं। वह प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार बंद करने पर तुली है। उनका कहना था कि कांग्रेस इस फैसले का हर कदम पर विरोध करेगी।
नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला ने कहा कि इस योजना के बंद कर देने से प्रदेश भर के एक लाख पचास हजार गरीब लोग प्रभावित होंगे। जिला महामंत्री तारू तिवारी व उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने कहा कि जनता का उत्पीड़न लगातार सरकार कर रही है। स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत गरीब परिवारों को अस्पताल में इलाज के नाम पर सुविधाएं दी जाती थीं। इससे न केवल उनको आíथक संकटों का सामना नहीं करना पड़ता था। वहीं वह मानसिक तौर पर परेशान भी नहीं होते थे। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में इसे शामिल किया गया था। लेकिन यह सरकार जब से आई है गरीब परेशान हैं। उनके लिए चलाई जा रही योजनाएं लगातार प्रभावित हो गई हैं। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता तिवारी ने कहा कि कांग्रेस इन फैसलों के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
पुतला फूंकने वालों में मुख्य तौर पर जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपांशु पांडेय, राबिन भंडारी, तारू तिवारी, रोहित रौतेला सहित कई लोग मौजूद रहे।