देहरादून : पूरे देश में आज कांग्रेस ने आज नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी और महंगाई को लेकर ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ रैली निकाली। देहरादून की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं औऱ दिग्गजों का सैलाब उमड़ा। भारी संख्या में कांग्रेसी सड़कों पर उतरें। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।
मोदी सरकार पर जमकर साधा निशाना
बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय से ‘संविधान बचाओ-भारत बचाओ’ पदयात्रा शुरू की गई। इससे पहले सभा को अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्रदयेश, कांग्रेस सह प्रभारी राजेश धर्माणी ने संबोधित किया औऱ मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।कांग्रेस की ये रैली गांधी पार्क, पलटन बाजार, राजा रोड से गांधी रोड होते हुए राजीव भवन पहुंची।
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश के संविधान के विरूद्ध फैसले ले रही है जिससे पूरे देश में अराजकता एवं दहशत का माहौल है। महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं औऱ हर ओर भय का माहौल है। कांग्रेस ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है। साहूकारों के कर्ज से दबे किसान आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। भाजपा सरकार में गरीब, अल्पसंख्यक, किसान महिलाए अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके बाद कांग्रेस की पदयात्रा राजपुर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय राजीव भवन से रवाना हुई। गांधी पार्क-घंटाघर-पलटन बाजार-राजा रोड होते हुए पदयात्रा वापस कांग्रेस कार्यालय पहुंची और यहीं संपन्न हो गई।