Uttarakhand Congress

उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस हमलावर, राज्यपाल से की हस्तक्षेप की मांग

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर प्रदेश की कानून व्यवस्था और विभिन्न चर्चित मामलों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।

प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में देहरादून के राजपुर रोड स्थित “रोमियो लेन बार” प्रकरण, पुलिस मुठभेड़ मामलों, चम्पावत की नाबालिग से दुष्कर्म घटना और कथित पुलिस प्रताड़ना से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि इन घटनाओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस ने इन मामलों की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विधायक अरविंद पांडेय द्वारा CM पर लगाए आरोपों का भी किया जिक्र

ज्ञापन में भाजपा विधायक अरविंद पांडे द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के विधायक ही खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पार्टी ने गवर्नर से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेने का आग्रह किया।

कांग्रेस ने राज्यपाल के सामने उठाया नर्सिंग अभ्यर्थियों का मुद्दा

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लंबे समय से आंदोलनरत नर्सिंग अभ्यर्थियों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि नई भर्ती प्रक्रिया लागू होने से सालों से तैयारी कर रहे और प्रतीक्षारत अभ्यर्थियों में भारी असंतोष है। कांग्रेस ने स्वास्थ्य महानिदेशक द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया में निर्णय लेने, पुराने अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने और रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां सुनिश्चित करने की मांग की।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें