चौखुटिया: द्वाराहाट महोत्सव के दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की घोषणाओं को लेकर घमासान जारी है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां क्रांतिबीर चौराहे पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री पर झूठी घोषणाएं करने की तोहमत मढ़ते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की एवं सीएम का पुतला फूंका। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार के मुखिया घोषणाओं के नाम पर जनता के साथ छल कर रहे हैं।
बुधवार शाम को कांग्रेस कार्यकर्ता बाजार से नारेबाजी करते हुए क्रांतिबीर चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान सभा कर वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर विकास के नाम से कोरी घोषणाएं कर आम जनता को बरगलाने का काम कर रही है। सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार में स्वीकृत कार्यो का श्रेय लेने के लिए वर्तमान सीएम घोषणा कर जनता को छल रहे हैं। द्वाराहाट में उनके द्वारा कई ऐसी भी घोषणाएं की गई हैं, जिन पर पहले ही कार्य शुरू हो गया है। बढ़ती महंगाई पर भी रोष व्यक्त किया।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी की एवं सीएम का पुतला फूंका। सभा व पुतला दहन में ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल मासीवाल, प्रदेश कमेटी सदस्य गणेश चंद्र कांडपाल, अमर सिंह रावत, डॉ. एलएस मनराल सहित कई लोगों ने भागीदारी की।