Cockroach Janta Party लड़ेगी चुनाव? अभिजीत दीपके ने साफ की मंशा

जब से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटौरी है। तब से ही लोगों के मन में सवाल है कि क्या आगे चलकर ये पार्टी चुनाव लडेगी? अब इसको लेकर पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke) ने अपनी मंशा साफ कर दी है। दरअसल, मंगलवार 16 जून को उन्होंने हिंट दिया कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि NEET-UG विवाद के बाद पीएम ने छात्रों से संपर्क भी नहीं किया।
Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी लड़ेगी चुनाव?
दरअसल नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिजीत दीपके ने अपनी बात रखी। उनसे पूछा गया कि क्या CJP चुनाव लड़ेगी? जिसपर दीपके ने कहा, “हमें चुनाव क्यों लड़ना चाहिए? मेरा मतलब है, अगर इस देश में हर किसी को अपने अधिकारों की मांग के लिए चुनाव लड़ना पड़े तो यह कैसे चलेगा?”
पीएम आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवार से माफी मांगें – दीपके
दीपके ने आगे कहा, ”पीएम मोदी को सबसे पहले उन पांच या छह छात्रों के माता-पिता से माफी मांगनी चाहिए जिन्होंने 3 मई को होने वाली NEET-UG परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या कर ली थी।”
अभिजीत दीपके ने आगे कहा, ”प्रधानमंत्री दुनिया भर में होने वाली किसी भी घटना पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं, लेकिन यहाँ देश के छात्र आत्महत्या कर रहे हैं और प्रधानमंत्री की ओर से उनके लिए संवेदना का एक पोस्ट तक नहीं आता। आप कब तक अपनी ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पे चर्चा’ की बातें करते रहेंगे? कम से कम छात्रों के ‘मन की बात’ तो सुनिए।”