देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के ड्रीम प्रोजेक्टों में से एक सूर्यधार झील का निर्माण लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। झील के निर्माण के बाद झील से जहां 18 गांवों को पीने का पानी मिलेगा। वहीं, 12500 कृषि हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के लिए भी पानी मिलेगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के ओएसडी धीरेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि मुख्यमंत्री जनता से जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि सूर्यधार झील के निर्माण से मुख्यमंत्री का वह वादा जनता से पूरा होने जा रहा है, जो उन्होंने जनता से किया था।
सूर्यधार झील का कार्य नवंबर में पूरा हो जाएगा, जिसके बाद डोईवाला क्षेत्र के 18 गांवों को पीने का पानी मिलेगा। इन गांवों में लंबे समय से पेयजल की दिक्कत चल रही है। किसानों को भी सिंचाई का पानी मिलेगा। सूर्यधार क्षेत्र को पर्यटक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।