देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पिथौरागढ़ 21 कुमाऊं रेजीमेंट के हवलदार गोकर्ण सिंह और नायक शंकर सिंह की शहादत को नमन किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर हमें अपने जवानों की शहादत पर गर्व है वहीं उन्हें खोने का दुख भी है। ईश्वर उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहीदों के परिजनों को हर संभव मदद की जायेगी।
बता दें कि कश्मीर के बारामुला के उड़ी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में पिथौरागढ़ जिले के दो जवान शहीद हो गए। मुनस्यारी तहसील के नापड़ गांव निवासी हवलदार गोकर्ण सिंह और गंगोलीहाट के नाली गांव के निवासी नायक शंकर सिंह 21कुमाऊं रेजीमेंट में तैतान थे।
जानकारी मिली कि शुक्रवार को उरी सेक्टर में पाकिस्तान सेना ने एक बार फिर से सीज फायर का उल्लंघन किया जिसका भारतीय सेना ने मुंह तोड़ जवाब दिया। इस जवाबी कार्यवाही में सेना के चार जवान घायल हो गए जिसमे से दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।वहीं दो घायलों का इलाज चल रहा है। जानकारी मिली है कि दोनों घायल जवान उत्तराखंड के ही हैं। एक घायल जवान पिथौरागढ़ तो एक बागेश्वर के हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जवानों की शहादत को नमन किया है। प्रदेश में शोक की लहर है।