देहरादून: हरक सिंह रावत का सरकार और अधिकारियों पर सवाल मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। सीएम के पक्ष में पहले दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा था कि सीएम को फाइलों पर साइन करने का अधिकार है। लेकिन, अब अजय भट्ट ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता कर हरक सिंह रावत से बात करने के लिए कहा है।
अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ वन मंत्री हरक सिंह रावत ने अपनी ही सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। हरक सिंह रावत ने अधिकारियों के विदेश जाने के बहाने सीएम की उनके विभाग में दखल पर भी सवाल उठाए। और तो और हरक सिंह ने अधिकारीयों की मनमानी के बहाने यहां तक कह दिया था कि इस तरह की मनमानी सुशान के लिए सही नहीं है।
हरक सिंह ने सीएम के करीबी अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश को भी लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण पर आड़े हाथों लिया था। इसका सरकार और संगठन पर गहरा प्रभाव पड़ा है। भाजपा संगठन पहले मामले को हल्के में ले रहा था। अब संगठन के तेवर बदले हुए नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि हाईकमान से मामले को गंभीरता से लेने के लिए कहा गया है। उसके बाद भाजपा प्रदेश संगठन ने भी मामले में हस्तक्षेप किया है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना कि पूरे मामले में तालमेल की कमी देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता की है। मुख्यमंत्री जल्द वन मंत्री हरक सिंह रावत को बुलाकर वार्ता करेंगे। कुल मिलाकर साफ है हरक सिंह रावत ने प्रमुख वन संरक्षक के विदेश जाने को लेकर जो मुदा उठाया था। उससे अब भाजपा संगठन भी सहमत नजर आ रहा है। यही वजह है कि भाजपा संगठन ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर हरक सिंह रावत की नाराजगी को दूर करने के लिए कह दिया है।