Dehradun NewsHighlight

भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए CM ने छात्रों को दिखाई हरी झंडी, देशभर के वैज्ञानिक संस्थानों का करेंगे दौरा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा –2025 में हाईस्कूल परीक्षा के टॉपर 240 छात्र–छात्राओं के दल को “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण” के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त छात्र- छात्राएं अलग- अलग दलों में विभिन्न राज्यों का भ्रमण करेंगे।

भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए CM ने छात्रों को दिखाई हरी झंडी

एससीईआरटी ननूरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम” के जरिए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भारत की प्रगति, विज्ञान, तकनीक, इतिहास और संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से देखने-समझने का अवसर मिल रहा है।

डायरी में यात्रा का अनुभव लिखने की दी सलाह

सीएम ने छात्र -छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वो अपनी डायरी में यात्रा अनुभव लिखने के साथ उत्तराखंड में पहली बार हुए नवाचारों और उपलब्धियों को भी दर्ज करें। सीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तराखंड ने देश में पहली बार UCC लागू कर अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल प्रस्तुत किया है। इसी तरह राज्य में पहली बार सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में उत्तराखंड की झांकी को मिला प्रथम स्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को पहली बार सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में प्रथम स्थान मिला। इसी तरह, 2023 में कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में उत्तराखंड की झांकी को प्रथम स्थान मिला। राज्य में पहली बार 27 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का भी आयोजन किया गया।

ये भी पढ़ें: भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर गए दल ने दिल्ली में की सीएम से मुलाकात, CM ने साझा किए अपने अनुभव

भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य में पहली बार हुई बड़े पैमाने पर कार्रवाई

सीएम ने कहा कि राज्य में पहली बार भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई। राज्य में पहली बार 10 हजार एकड़ जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई । साथ ही मदरसा बोर्ड को समाप्त किया गया । इसी तरह उत्तराखंड को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का पुरस्कार मिला है। सीएम ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण से लौटने के बाद इस डायरी के आधार पर हर जनपद से दो-दो छात्र–छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसे संस्थानों का दौरा करेंने का मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2024-25 से प्रारम्भ इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में 156 छात्रों ने देश के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक व तकनीकी संस्थानों का भ्रमण किया। इस साल प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर 240 हो गई है। ये प्रतिभावान छात्र- छात्राएं इसरो, श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, प्रोफेसर यूआर राव उपग्रह केंद्र और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसे संस्थानों का दौरा करेंगे।

प्रत्यक्ष अनुभव से समझ और दृष्टिकोण में होती है कई गुना वृद्धि: CM

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि जब वो इन संस्थानों का भ्रमण करेंगे तो उन्हें ये अनुभव होगा कि तकनीक के क्षेत्र में आज का नया भारत कितना आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि किताबी शिक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन प्रत्यक्ष अनुभव से समझ और दृष्टिकोण में कई गुना वृद्धि होती है।

सीएम ने कहा इस यात्रा का एक बड़ा लाभ ये होगा कि छात्र-छात्राओं में टीमवर्क, सामाजिक कौशल और आत्मविश्वास का विकास होगा। इस भ्रमण से प्राप्त अनुभवों को वो जीवनभर याद रखेंगे और उत्तराखंड के ब्रांड एंबेसडर के रूप में देश के विभिन्न भागों में हमारी संस्कृति, प्रकृति, खान-पान और पर्यटन की विशेषताओं को साझा करेंगे।

CM बोले आज का युग ज्ञान और कौशल का युग है

सीएम ने कहा कि आज का युग ज्ञान और कौशल का युग है। भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर जाने वाले छात्र-छात्राएं भविष्य में जिस भी क्षेत्र में जाएंगे अपने ज्ञान और कौशल से वो भविष्य के हमारे वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, उद्यमी, कलाकार और नीति निर्माता बनेंगे। सीएम ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वो अपने सपनों को हमेशा बड़ा रखें। जीवन में चुनौतियाँ आएंगी, कठिनाइयाँ आएंगी, पर उनसे सीखते हुए आगे बढ़ने से आपको एक न एक दिन अवश्य सफलता मिलेगी।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें