UttarakhandHighlight

उत्तराखंड बजट 2026-27 : सीएम धामी ने बताई 1.11 लाख करोड़ के बजट की खास बातें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा आज 1.11 लाख करोड़ का बजट पेश किया है। जिसके बाद सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बजट की प्रमुख बातों को मीडिया के सामने रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संतुलित बजट तैयार किया है।

सीएम धामी ने बताई 1.11 लाख करोड़ के बजट की खास बातें

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने इस बार 1.11 लाख करोड़ से अधिक का बजट पेश किया है। बजट तैयार करने से पहले विभिन्न हितधारकों के साथ संवाद किया गया था, ताकि समाज के हर वर्ग की अपेक्षाओं को इसमें शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार के बजट से प्रेरणा लेते हुए उत्तराखंड के विकास के अनुरूप बजट का खाका तैयार किया गया है।

सीएम ने कहा कि बजट में महिलाओं को सशक्त बनाने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही समाज के अंतिम छोर पर खड़े गरीब वर्ग के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सीएम ने बताया कि पिछले वर्ष राज्य की वास्तविक विकास दर 7.23 प्रतिशत रही। सरकार ने राजस्व को सरप्लस बनाए रखने के लिए भी रणनीति बनाई है। राज्य को 67 हजार 526 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि भारत सरकार की ओर से 17 हजार 400 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 18 हजार 451 करोड़ की केंद्रीय योजनाएं भी शामिल हैं।

महिलाओं के लिए बजट में खास प्रावधान

महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए बजट में करीब 20 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो कुल बजट का लगभग 1.5 प्रतिशत है। सीएम ने बताया कि नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नई विंडो सिस्टम भी शुरू की गई है, ताकि नए विचारों और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन मिल सके। इसके अलावा कृषि और बागवानी क्षेत्र में भी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है। कीवी और ड्रैगन फ्रूट की बढ़ती मांग को देखते हुए इनके उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बजट में 30 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में सुगंधित पौधों पर आधारित “महक क्रांति” को आगे बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है। इसके तहत वर्ष 2026 से 2036 के बीच करीब 1000 करोड़ रुपए से अधिक का टर्नओवर हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और अन्य गंगा कॉरिडोर के पुनर्विकास के लिए लगभग 1500 से 2000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

ये भी पढ़ें: धामी सरकार के बजट में महिलाओं पर किया है खास फोकस, एक क्लिक में पढ़ें क्या-क्या मिला?

बजट में है केदारनाथ के लिए MANAS योजना का उल्लेख: CM

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बजट करीब 1500 पन्नों से अधिक का विस्तृत दस्तावेज है। इसके अलावा केदारनाथ के लिए MANAS योजना का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास दोनों ही समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां भी लगातार जारी हैं। इस संबंध में नियमित समीक्षा बैठकें की जा रही हैं। केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए 500 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

CM हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों को मिल रही सुविधाएं: CM

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 के माध्यम से लोगों को लगातार सुविधाएं मिल रही हैं और इसकी समय-समय पर समीक्षा भी की जाती है। वहीं भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए जारी टोल फ्री नंबर 1064 की सख्त निगरानी की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें