मुनस्यारी पहुंचे सीएम धामी, ITBP के जवानों और स्थानीय लोगों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मुनस्यारी पहुंचे। हेलीपैड (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज GGIC) पहुंचने पर डीएम आशीष कुमार भटगांई ने सीएम का स्वागत किया। साथ ही पुलिस अधिकारियों ने सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
मुनस्यारी पहुंचकर स्थानीय लोगों से मिले सीएम
मुनस्यारी पहुंचकर सीएम धामी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात की। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे और सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिले। सीएम ने जनता को आश्वस्त किया कि सरकार निरंतर सीमांत अंचलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम धामी ने ITBP के जवानों से भी की मुलाकात
ग्रामीणों से मुलाकात के बाद सीएम ने आईटीबीपी की 14वीं बटालियन, मुनस्यारी पोस्ट का भ्रमण किया। वहां जवानों ने सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सीएम ने जवानों से मुलाकात कर सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की। सीएम ने कहा कि आपके त्याग, अनुशासन और समर्पण से ही देश सुरक्षित है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से की विकास योजनाओं पर चर्चा
जवानों से मुलाकात करने के बाद सीएम सीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं, जन समस्याओं और बुनियादी ढांचे की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।