Dehradun News

CM ने की ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की समीक्षा, MOU क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के तहत हुए एमओयू और उनकी ग्राउंडिंग की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए MOU की वर्तमान स्थिति, जमीनी प्रगति, सामने आ रही बाधाओं और आगे की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के 1,779 MOU की ग्राउंडिंग तेज

बैठक में अवगत कराया गया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के अंतर्गत कुल 3,57,693 करोड़ के 1,779 MOU किए गए थे। इनमें से अब तक 1,06,953 करोड़ के एमओयू की ग्राउंडिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। सीएम ने इसे उत्तराखंड के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। सीएम ने कहा कि यह राज्य में निवेशकों के बढ़ते विश्वास, बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और उद्योग-अनुकूल वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस सकारात्मक रुझान को और आगे बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जिनका लाभ राज्यहित में लिया जाना चाहिए।

MOU के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का किया जाए समाधान: CM

मुख्यमंत्री धामी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि एमओयू और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संबंधित विभाग में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए, जो एमओयू ग्राउंडिंग की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे। यदि किसी नीति में संशोधन, सरलीकरण या शिथिलीकरण की आवश्यकता हो तो उसका प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई की जाए।

उद्योगपतियों के साथ किया जाए नियमित संवाद

सीएम ने उद्योगपतियों के साथ नियमित संवाद बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को राज्य में कानून-व्यवस्था, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, डिजिटलीकरण, सरलीकृत प्रक्रियाओं और उद्योग-फ्रेंडली इकोसिस्टम से जुड़े सुधारों की लगातार जानकारी दी जाए। परियोजनाओं के कार्यान्वयन में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए स्पष्ट टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की पेंडेंसी न रखी जाए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों की सीएम ने प्रशंसा की।

हर जिले में उद्योग मित्र समिति की बैठक की जाए आयोजित: CM

बैठक में पर्यटन विभाग ने जानकारी दी कि स्पेशल टूरिस्ट ज़ोन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में एरिया आधारित फोकस पॉलिसी तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं उद्योगों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि राज्य के सभी जनपदों में हर माह उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की जाए, ताकि उद्योगों से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान हो और उद्योग-अनुकूल निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

ये भी पढ़ें: ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले 94 हजार करोड़ के MOU साइन, CM ने दी जानकारी

प्राचीन गौरवशाली विरासत का केंद्र बिंदु है उत्तराखंड

सीएम ने कहा कि उत्तराखंड भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और प्राचीन गौरवशाली विरासत का केंद्र बिंदु है। उन्होंने इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन पर आधारित यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए आवश्यक होमवर्क करने, हिंदू स्टडीज सेंटर और प्राच्य शोध केंद्र से संबंधित पूर्व निर्देशों पर अग्रिम कार्रवाई करने, स्पिरिचुअल जोन डेवलपमेंट, भराड़ीसैंण में मंदिर और अन्य रचनात्मक निर्माण कार्यों के साथ-साथ आयुर्वेद एम्स की स्थापना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें