BC Khanduri को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे सीएम धामी, बोले जनता ने खो दिया अपना जनप्रिय नेता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार शाम को BC Khanduri के बसंत विहार आवास में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने कहा आज उत्तराखंड ने अपना एक अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और जनप्रिय नेता खो दिया है।
BC Khanduri को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे सीएम धामी
छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री धामी सीधे स्वर्गीय खंडूरी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। सीएम ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है।
राज्यहित में लिए कई दूरदर्शी निर्णय: CM
सीएम ने कहा भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय खंडूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को प्राप्त हो रहा है।

परिजनों से की मुलाकात
सीएम ने स्वर्गीय खंडूरी की बेटी विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्हें इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।