देहरादून : भाजपा सदस्यता अभियान के अंतर्गत भाजपा ने उत्तराखण्ड में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। दूसरी ओर भाजपा संगठनात्मक चुनाव को लेकर 25 अगस्त को देहरादून में कार्यशाला हो रही है जिसमें संगठनात्मक चुनाव राष्ट्रीय प्रभारी राधमोहन सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
पार्टी ने बनाए 10 लाख 50 हज़ार नए सदस्य
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डा देवेंद्र भसीन ने बताया कि पार्टी सदस्यता अभियान जो 6 जुलाई से 20 अगस्त तक चला में उत्तराखण्ड में केंद्र द्वारा निर्धारित 10 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। प्रदेश सदस्यता संयोजक व महामंत्री खजान दास के हवाले से उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में पार्टी ने 10 लाख 50 हज़ार नए सदस्य बनाए हैं। अब इस सदस्यता विवरण का डिजलीकरण किया जाएगा। इससे सदस्यता का स्थाई रिकार्ड तैय्यार हो सकेगा।
प्रदेश में चल रहा सक्रिय सदस्यता का अभियान
उन्होंने बताया कि इस समय प्रदेश में सक्रिय सदस्यता का अभियान चल रहा है. यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा। इसमें वही कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बन सकेंगे जिन्होंने 50 नए सदस्य बनाए होंगे। साथ उन्हें एक 100 रुपये सक्रिय सदस्यता शुल्क व 120 रुपये भाजपा उत्तराखण्ड की पत्रिका ‘देव कमल ‘ का वार्षिक शुल्क देना होगा। यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा।
डॉ भसीन ने बताया कि भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के लिए 25 अगस्त को देहरादून में कार्यशाला का आयोजन किया गया है जिसमें प्रदेश व ज़िला चुनाव अधिकारी, सह चुनाव अधिकारी प्रदेश पदाधिकारी, ज़िला प्रभारी व ज़िलाध्यक्ष भाग लेंगे। भाजपा संगठनात्मक चुनाव राष्ट्रीय प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मन्त्री राधा मोहन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। यह कार्यशाला भाजपा प्रदेश कार्यालय में दोपहर समय शुरू होगी ।इसमें पार्टी के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण होगा.