दिल्ली में आप का प्रदर्शन शानदार रहा। आप ने अपने कामों से दिल्ली की जनता का दिल जीता और एक बार फिर से केजरीवाल दिल्ली में अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। रुझानों को देख आप कार्यालय में जश्न देर शाम से ही शुरु हो गया था। भाजपा अभी तक 8 के आंकड़े तक पहुंची है। वहीं कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
बता दें कि राजधानी दिल्ली में कांग्रेस बीते साल भी इसी तरह से खाता नहीं खोल पाई। जिसको लेकर अब नेता औऱ जनता कांग्रेस को लेकर ट्वीट कर रही है और मजाक बना रही है।
इस बीच देश के चर्चित लेखक चेतन भगत ने भी ट्वीट कर कांग्रेस पर चुटकी ली। चेतन भगत ने लिखा कि देश भर के कुछ कांग्रेसी नेता अरविंद केजरीवाल को अपना नेता क्यों नहीं मानते? अब उनके पास क्या है? उनके करियर की संभावनाओं को क्या बेहतर बनाएगा? एक घटती पार्टी का हिस्सा या एक पार्टी जो बढ़ती जा रही है? यह बात सोचने लायक है। वहीं खबर लिखे जाने तक चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के आधार पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी 70 में 62 सीटों पर आगे चल रही थी। बीजेपी 8सीटों पर आगे थी तो वहीं कांग्रेस जीरो सीट पर थी।