देहरादून, संवाददाता। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में रथों के पूजन के साथ भाजपा दिग्गजो ने परिवर्तन यात्रा के लिए शहीद स्थल जाकर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की साथ ही प्रदेश में जारी भ्रष्टाचार और कुशासन की समाप्ति का संकल्प दोहराया। इस मौके पर भाजपा के दो सांसद बीसी खंडूड़ी और माला राज्यलक्ष्मी शाह मौजूद नहीं रहीं। पूर्व निर्धारित समय के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे भाजपा के हाईटैक रथ मुख्यालय पहुंचे। रथ के पीछे पांच अन्य वाहन भी थे। दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे भाजपा मुख्यालय में प्रदेश सरकार को जड़ से उखाड़ने के लिए पूजा हुई। इसके बाद रथों का पूजन किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कुशासन को सुशासन में बदलने के लिए रथों का पूजन किया गया है। उन्होंने हरीश रावत सरकार पर भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दों पर करारा हमला बोला। वहीं परिवर्तन यात्रा के संयोजक बलराज पासी ने बताया कि रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह देहरादून में भव्य रैली को संबोधित करने के बाद रथों को हरी झंडी दिखाकर गढ़वाल और कुमाऊं के लिए रवाना करेंगे। उन्होंने कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को आड़े हाथ लेते हुए मोदी सरकार के कार्यों की तारीफ भी की। हालांकि रथों के पूजन के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता प्रदेश मुख्यालय में मौजूद रहे बावजूद इसके भाजपा के दो सांसदों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही।