Haridwar NewsBig News

चैंपियन और उमेश कुमार फिर आमने-सामने: नोट उड़ाने के वीडियो पर बवाल, चैंपियन ने बुलाई महापंचायत

रुड़की की खानपुर विधानसभा सीट पर एक बार फिर ‘सियासी महासंग्राम’ छिड़ गया है। पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और मौजूदा निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच की तल्खी अब सोशल मीडिया से निकलकर ‘महापंचायत’ तक पहुंच गई है। हाल ही में एक शादी समारोह में नोट उड़ाने के वीडियो पर मचे बवाल के बाद, अब चैंपियन ने अपने ‘रंग महल’ पर हुंकार भरी है।

डांसर पर पैसे लुटाते दिख रहे थे पूर्व विधायक

विवाद की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे एक शादी समारोह के दौरान डांसर पर पैसे लुटाते नज़र आए। इस वीडियो को लेकर मौजूदा विधायक उमेश कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे देवभूमि की संस्कृति का अपमान बताते हुए सरकार और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

चैंपियन ने किया महापंचायत बुलाने का आह्वान

उमेश कुमार के हमले के बाद चैंपियन ने भी चुप रहना मुनासिब नहीं समझा। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो जारी कर बिना नाम लिए उमेश कुमार पर तीखा निशाना साधा है। चैंपियन ने इसे अपने मान-सम्मान की लड़ाई बताते हुए रुड़की के लंढोरा स्थित अपने आवास ‘रंग महल’ पर एक बार फिर महापंचायत बुलाने का आह्वान किया है।

पूर्व में भी दोनों नेता आ चुके हैं आमने सामने

बता दें यह पहली बार नहीं है जब खानपुर के इन दो दिग्गजों के बीच तलवारें खिंची हों। इससे पहले भी साल 2019-20 के दौरान दोनों के बीच जुबानी जंग ने बड़ा मोड़ लिया था। ​तब चैंपियन के उत्तराखंड विरोधी बयानों और एक वीडियो (हथियारों के साथ डांस) के बाद उमेश कुमार ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

ये भी पढ़ें: स्टेज पर महिला डांसर, आसपास हथियार लिए खड़े दिखे लोग, चैंपियन का वीडियो वायरल

चैंपियन ने उमेश कुमार को लंढोरा के नारसन बॉर्डर पर दो-दो हाथ करने (शक्ति प्रदर्शन) की चुनौती दी थी। ​उस वक्त भी ‘रंग महल’ पर भारी भीड़ जुटने का दावा किया गया था। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि प्रशासन को पूरे लंढोरा क्षेत्र में धारा 144 लगानी पड़ी थी और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।

​ चैंपियन के वीडियो से प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज

वर्तमान में चैंपियन के इस ताज़ा वीडियो ने प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है। चैंपियन ने अपने समर्थकों को एकजुट होने का संदेश दिया है, जिसे उमेश कुमार के बढ़ते प्रभाव को रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इस प्रस्तावित महापंचायत की अनुमति देता है या फिर खानपुर की यह ‘ईगो वॉर’ एक बार फिर सड़कों पर हंगामे का कारण बनेगी।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें