Haridwar NewsBig News

पुलिस की गिरफ्त में चैंपियन और उमेश कुमार, आज कोर्ट में होंगे पेश, समर्थकों में तनाव

हरिद्वार के खानपुर से विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन दोनों ही हरिद्वार पुलिस की गिरफ्त में हैं. रविवार रात पुलिस ने दोनों ही नेताओं को अरेस्ट किया था. दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जायेगा. बता दें दोनों ही पक्ष में समर्थकों में गिरफ़्तारी के बाद से तनाव बना हुआ है. तनाव की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है.

सोशल मीडिया से कैसे फायरिंग तक पहुंचा मामला

विधायक उमेश और चैंपियन पिछले काफी समय से एक दूसरे को डरा धमका रहे थे. शनिवार से पहले दोनों के बीच यह बहस और तनातनी सोशल मीडिया पर ही देखने को मिल रही थी, लेकिन शनिवार को ये जंग सोशल मीडिया से निकलकर सड़क तक पहुंच गई. शनिवार रात को उमेश अपने समर्थकों के साथ चैंपियन के एक पोस्ट को लेकर उनके लंढौर स्थित घर पहुंचे थे. जब चैंपियन वहां नहीं मिले तो उमेश अपने समर्थकों के साथ वापस लौट आए. इसी बात का बदला लेने के लिए चैंपियन ने अपने समर्थकों के साथ रविवार को उमेश के दफ्तर में घुसकर उमेश के समर्थक को पीटा.

चैंपियन की मेजबानी करती दिखी दून पुलिस

आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके दफ्तर में फायरिंग भी की. जिसके बाद चैंपियन और उनके समर्थक वहां से चले गए. रविवार रात चैंपियन की गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. नेहरूकॉलोनी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार तो किया, लेकिन पुलिस उनकी मेजबानी करती दिखी. वीडियो में चैंपियन पुलिस अधिकारियों से हाथ मिलाते और हंसी मजाक करते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में चैंपियन पुलिस अधिकारियों से हाथ मिलाते हुए और हंसी मजाक करते हुए भी दिख रहे हैं. कुछ ही देर बाद हरिद्वार पुलिस दून पहुंची और चैंपियन को कैदियों की गाड़ी में लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हो गई.

दोनों पक्षों के हथियारों के लाइसेंस हो सकते हैं निलंबित

मामले को लेकर हरिद्वार के एसएसपी प्रमोद डोभाल का कहना है कि चैंपियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि चैंपियन से मिली शिकायत के आधार पर विधायक उमेश कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उन्हें और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया गया है. दोनों पक्षों के हथियारों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति हरिद्वार के जिलाधिकारी से की गई है. एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने उन्हें दी गई सुरक्षा पर भी पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है.मामले की जांच की जा रही है.

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें