खेत में DM मनीष कुमार, हाथ में दरांती… महिला किसानों के साथ की गेहूं की कटाई

चम्पावत में उस समय अलग तस्वीर देखने को मिली जब जिलाधिकारी मनीष कुमार खुद खेत में उतरकर महिला कृषकों के साथ गेहूं की फसल काटते नजर आए। तहसील चम्पावत के ग्राम कनलगांव में डीएम ने कृषक सुभाष ताडागी के खेत में गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग कर उपज क्षमता का जायजा लिया।
DM ने की महिला किसानों के साथ गेहूं की कटाई
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने खेत में कार्य कर रही महिला कृषकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और कृषि कार्यों को आसान बनाने के लिए पावर टीलर समेत आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य कृषि अधिकारी को दिए। साथ ही महिला कृषकों को उन्नत मडुवा बीज और कृषि यंत्र भी वितरित किए गए।
गेहूं की बालियों के लिए सुरक्षित रखे नमूने
कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत खेत में 30 वर्ग मीटर के दो प्लॉट चिन्हित कर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। पहले प्लॉट से 13 किलो 900 ग्राम और दूसरे प्लॉट से 12 किलो 400 ग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। वहीं वैज्ञानिक परीक्षण के लिए गेहूं की बालियों के नमूने सुरक्षित रखे गए, जिन्हें 15 दिन सुखाने के बाद दोबारा तौला जाएगा, ताकि सटीक उत्पादन का आंकलन किया जा सके।
खेत में उपयोग हो रहे कीटनाशकों की ली जानकारी
डीएम मनीष कुमार ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग किसानों की फसल उत्पादन क्षमता जानने का सबसे विश्वसनीय तरीका है, जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत कई कृषि योजनाओं के लिए सही डाटा तैयार होता है और किसानों को योजनाओं का लाभ मिल पाता है। इस दौरान डीएम ने खेत में उपयोग किए गए बीज, उर्वरक, सिंचाई और कीटनाशकों की भी जानकारी ली। मौके पर कृषि, राजस्व एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।