Chamolihighlight

चमोली के जंगल में मिला नवजात का शव, जंगली जानवरों ने नोचा, गांव में मचा हड़कंप

चमोली से बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली चमोली क्षेत्र के भू लगा खैनुरी गांव के बराली तोक के जंगल में पुलिस ने एक नवजात शिशु का शव बरामद किया है। शव को जंगली जानवरों ने कई जगहों से नोंच दिया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

चमोली के जंगल में मिला नवजात का शव

चमोली कोतवाली के थानाध्यक्ष अनुरोध व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की ओर से दोपहर करीब सवा दो बजे पुलिस को जंगल में नवजात का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता के साथ मौके के लिए रवाना हुई।

बच्चे को जंगली जानवरों ने बुरी तरह नोचा

मौके पर पहुंचने पर जंगल में नवजात का शव पड़ा मिला। आशा कार्यकर्ता ने प्राथमिक जानकारी में बताया कि शव लगभग सवा आठ माह के शिशु का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि शव के सिर की ओर से जंगली जानवरों द्वारा नोंचने के स्पष्ट निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: एक बार फिर इंसानियत शर्मसार, यहां खेत में नवजात का शव मिलने से हड़कंप

जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान डीएनए सैंपल सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि आगे की जांच में मदद मिल सके। साथ ही पुलिस ने भू लगा खैनुरी गांव में गर्भवती महिलाओं से संबंधित जानकारी भी जुटाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को भी पुलिस टीम गांव में जाकर पूछताछ करेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को जंगल में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।

Sakshi Chhamalwan

Sakshi Chhamalwan उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया से जुड़ीं युवा पत्रकार हैं। साक्षी टीवी मीडिया का भी अनुभव रखती हैं। मौजूदा वक्त में साक्षी खबरउत्तराखंड.कॉम के साथ जुड़ी हैं। साक्षी उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल के साथ साथ, देश, दुनिया, और धर्म जैसी बीट पर काम करती हैं।
Back to top button