सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में सदर थाने के पताही निवासी कुंदन कुमार ने शनिवार को सीजेएम कोर्ट में रिया चक्रवर्ती पर याचिका दर्ज की है। कोर्ट ने इसपर सुनवाई के लिए 24 जून की तिथि तय की है।
साजिश के तहत सुशांत को अपने प्रेमजाल में फंसाने का आरोप
आपको बता दें कि कुंदन ने आरोप कि अभिनेत्री ने साजिश के तहत सुशांत को अपने प्रेमजाल में फंसाया। सुशांत उसपर विश्वास करने लगा। इसके बाद वह सुशांत का आर्थिक व मानसिक शोषण करने लगी। सुशांत की मदद से उसे फिल्मी करियर में कामयाबी मिलने लगी। उद्देश्य पूरा होने पर वह सुशांत से किनारा करने लगी। उसने सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाया। उसके व्यवहार से सदमा लगने पर अभिनेता ने मुंबई स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली।
रिया ने पुलिस को बयान दिया है कि दोनों जल्द ही एक घर लेने वाले थे और साल 2020 के आखिरी तक दोनों शादी के बंधन में भी बंधने वाले थे। रिया ने पुलिस को बताया कि सितंबर 2019 में दिल बेचारा फिल्म पूरी करने के बाद से सुशांत को डिप्रेशन होने के संकेत मिलने लगे थे। शुरुआत में सुशांत ने उसे नजरअंदाज करना शुरू किया, लेकिन धीरे धीरे तकलीफ बढ़ने लगी। रिया के अनुसार, वह खुद सुशांत को डॉक्टर के पास ले गई और सुशांत का इलाज शुरु कराया। रिया के मुताबिक सुशांत दवाइयां ठीक से नहीं ले रहे थे। कभी कभी सुशांत एकदम से चुप रहते तो कभी कभी उनका अलग ही मूड रहता था। रिया ने बताया कि जब तक वह सुशांत के पास रहीं तब तक उन्होंने उनका खूब ख्याल रखा लेकिन एक समय के बाद सुशांत ने खुद अकेले रहने की बात की और उन्हें घर भेज दिया।
रिया ने बताया कि वो दोनों रूमी जाफरी के निर्देशन में एक फिल्म करने वाले थे जिसे वासू भगनानी प्रोड्यूस करने वाले थे। फिल्म की शूटिंग जल्द शुरु होने वाली थी लेकिन लॉकडाउन की वजह से शूटिंग रुक गई। सुशांत अपने फ्यूचर प्राजेक्ट्स को लेकर काफी उत्साहित थे उसपर काम कर रहे थे। रिया उनके प्रोजेक्ट में भी उनकी सपोर्ट कर रही थी।