Big NewsUttarakhand

मंदिर में कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी: दो फारेस्ट गार्ड सस्पेंड, रेंजर और वन दरोगा को भी पद से हटाया

हरिद्वार के राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में सूबे के कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी कराने के मामले में नया मोड़ आ गया है। वन विभाग के दो अधिकारियों और दो कर्मचारियों पर गाज गिरी है। जिसके तहत दो फॉरेस्ट गार्ड सस्पेंड किए गए हैं तो रेंजर और वन दरोगा भी हटाए गए हैं.

दो अधिकारियों और दो कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन

मामले में लापरवाही बरतने पर सुरेश्वरी देवी मंदिर गेट पर तैनात दो फॉरेस्ट गार्ड सस्पेंड कर दिए गए हैं। इसमें रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कंडारी को लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। जांच अधिकारी अजय लिंगवाल की संस्तुति पर राजाजी टाइगर रिजर्व के वर्तमान निदेशक राजीव धीमान की ओर से यह कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा दो अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जिसमें हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमवाल और सुरेश्वरी देवी सेक्शन में तैनात वन दारोगा अमृता को हटा दिया गया है। महेश सेमवाल पर मोतीचूर और हरिद्वार दो रेंज का चार्ज था। जांच के बाद उनसे हरिद्वार रेंज का चार्ज का अतिरिक्त चार्ज हटा दिया है। उनकी जगह आभा रतूड़ी को हरिद्वार रेंज का चार्ज दिया गया है।

वन निदेशक ने दी थी आयोजन की अनुमति

बता दें इस कार्रवाई के बाद वन महकमे के ऊपर सवाल उठने लगे हैं। जिस दिन मंदिर में साधारण तरीके से मंत्री के बेटे की शादी हुई थी, उस दिन कैबिनेट मंत्री खजान दास ने खुद मीडिया को बयान दिया था कि उन्हें वन निदेशक ने शादी के लिए हामी भरी थी।

मंत्री ने कहा था यदि उन्हें नियमों के बारे में पहले ही बता दिया जाता तो, वो शांतिकुंज या फिर अन्य जगह आयोजन करते। वहीं, दूसरी ओर कोई भी निचले स्तर का अधिकारी और कर्मचारी इस तरह की अनुमति नहीं दे सकता है। हालांकि, मामले की जांच में दो अधिकारियों और दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बता दें मामले की जांच अभी चल रही है।

ये था मामला

26 अप्रैल को राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज के अंतर्गत आने वाले सुरेश्वरी देवी मंदिर में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे शादी तय हुई थी। शादी से एक दिन पहले ट्रकों के जरिए टेंट, कूलर, सोफे, कुर्सी और अन्य साज सजावट के सामान मंदिर पहुंचाए गए। मंदिर परिसर को सजाया गया और फोटो-वीडियो सामने आने के बाद विवाद हो गया।

इस खबर को भी पढ़ें: राजाजी टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में शादी की तैयारी पर बवाल, मंत्री पुत्र के आयोजन को लेकर उठे सवाल

यह विवाद शादी की परमिशन को लेकर खड़ा हुआ था। क्योंकि, जिस स्थान पर शादी होनी थी, वो रिजर्व फॉरेस्ट के अंतर्गत आता है। वहां एनटीसीए, कोर्ट और एनजीटी की तमाम गाइडलाइन के चलते कोई शोर शराबे वाला आयोजन हो ही नहीं सकता। हालांकि, मामले ने तूल पकड़ा तो तमाम सामान तत्काल प्रभाव से हटा लिया गया।

Sakshi Chhamalwan

उत्तराखंड की युवा और अनुभवी पत्रकार साक्षी छम्मलवाण टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में कार्य का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वे खबर उत्तराखंड (khabaruttarakhand.com) से जुड़ी हैं। उत्तराखंड की राजनीतिक हलचल, देश-दुनिया की प्रमुख खबरें और धर्म से जुड़े विषयों पर इनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक और गहन होती है। उत्तराखंड | TV + Digital Media खबर उत्तराखंड
Back to top button
उत्तराखंड की हर खबर
सबसे पहले पाने के लिए!
📱 WhatsApp ग्रुप से जुड़ें