उधम सिंह नगर : जनजाति के बच्चों को नववर्ष में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने तोहफा दिया है। जिसके तहत काफी समय से लंबित एकलव्य विद्यालय को अब धरातल पर उतारा जाएगा। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने आज विद्यालय के भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सरकार द्वारा 16. 50 करोड़ मंजूर करते हुए 11 करोड़ 50 लाख की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। बता दे कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा पहले एकलव्य आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया जाना था लेकिन मौसम खराब होने के चलते उनका बाजपुर दौरा रद्द हो गया जिसके चलते कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य द्वारा एकलव्य आवासीय विद्यालय का शिलान्यास किया गया।
इस परियोजना में 12 करोड़ की लागत से भव्य विद्यालय भवन, 4.5 करोड़ की लागत से छात्रावास बनाया जाएगा। कक्षा छह से 12वीं कक्षा तक जनजाति के 420 बच्चों के शिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। यहां शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों को स्कूल ड्रेस, पढ़ाई, पाठ्य पुस्तकें, रहना और खाना सबकुछ निश्शुल्क मिलेगा तथा पाठयक्रम व विद्यालय सह शिक्षा पर आधारित होगा। परियोजना के पूर्ण होने पर जनजाति समाज के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा प्लेटफार्म मिल जाएगा। उपरोक्त विद्यालय के लिए लगभग 15 एकड़ जमीन ग्राम दियोहरी में चयनित की गई है।