गोंडा: लोकसभा चुनाव में कई तरह के रंग देखने को मिल रहे हैं। आज पांचवें चरण के मतदान के दौरान भी कई तरह की बातें सामने निकलकर आई है। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में कैसरगंज के बेलसर में एक दुल्हन ने सुसराल विदा होने से पहले पोलिंग बूथ पहुंचकर वोट डाला। दीपशिखा पांडेय नाम की दुल्हन की लोगों ने जमकर तारीफ की है।
दीपशिखा पांडेय कहना था कि आज उसकी विदाई है। उसे अपना मायका छोड़ सुसराल जाना था, लेकिन उसने उससे पहले अपने मताधिकार के प्रयोग और जिम्मेदारी को निभाया। उनका कहना था कि लोकतंत्र में वोट देना सबसे महत्वपूर्ण है। एक वोट से हमारा और हमारे देश का भविष्य बनेगा।
दुल्हन के पिता ने बताया कि मेरी बेटी ने कहा कि मेरी विदाई वोट देने के बाद होनी चाहिए। जिसके बाद ग्रमीणों ने लड़की के ससुराल वालों से बात की, उन्होंने भी तुरंत हां बोल दी। इसके बाद दुल्हन के जोड़े में सजी दीपशिखा ने पोलिंग बूथ में जाकर अपने मत का प्रयोग किया।