देहरादून में स्तन कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन, 70 महिलाओं की हुई जांच

आज कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन ने देहरादून कैंट स्थित भारतीय सेना की शिवालिक ब्रिगेड में स्तन कैंसर जागरूकता और निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर के दौरान 70 महिलाओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। साथ ही उन्हें स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के जुड़ी जानकारी भी दी गई।
देहरादून में स्तन कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन
शिविर में विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण, संभावित जोखिम कारक और नियमित जांच की अहमियत के बारे में बताया। साथ ही स्वयं स्तन परीक्षण की सही विधि समझाई गई और महिलाओं को इसे नियमित रूप से अपनाने के की सलाह भी दी गई।
70 महिलाओं की हुई जांच
इसके अलावा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को पैप स्मीयर जांच, एचपीवी टीकाकरण तथा समय पर स्क्रीनिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित पैप स्मीयर जांच से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव है। साथ ही इसकी प्रभावी रोकथाम की जा सकती है।
स्तन कैंसर में प्रारंभिक पहचान जरूरी
संस्था की अध्यक्ष एवं महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमिता प्रभाकर ने कहा कि स्तन कैंसर में प्रारंभिक पहचान काफी महत्वपूर्ण है। खुद स्तन परीक्षण, नियमित मैमोग्राफी और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से बीमारी को शुरुआती चरण में पहचाना जा सकता है। जिससे उपचार की सफलता की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए नियमित पैप स्मीयर जांच और टीकाकरण पर भी जोर दिया।

जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी
इस अवसर पर संस्था द्वारा “रूट ऑफ अवेयरनेस” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। अभियान के तहत अर्जुन, नीम और जामुन के पौधे लगाए गए। संस्था ने इसे जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।कार्यक्रम के संचालन में डॉ. रेखा एवं सिस्टर मालती का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता, जांच एवं सामाजिक अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।