हल्द्वानी- पूरी दुनिया कोरोना सेलड़ रही है तो उत्तराखंड में भाजपा-कांग्रेस आपस में लड़ रहे हैं वो भी मुकदमा दर्ज करने को लेकर। जी हां बीते दिन कांग्रेस द्वारा कृषि विधेयक के विरोध में निकाली गई ट्रैक्टर रैली पर पुलिस प्रशासन ने 130 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। जिसके बाद आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी के नेतृत्व में एसपी सिटी ऑफिस के बाहर धरना दिया, किसानों की निकाली गई ट्रैक्टर रैली में मुकदमे लगाए जाने के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत सहित कई नेता रोजाना बिना अनुमति के कई बड़े कार्यक्रम कर रहे हैं लेकिन पुलिस और प्रशासन उन पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं कर रहा केवल सत्ता के दबाव में विपक्षी दलों को निशाना बनाया जा रहा है और गरीब किसानों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि जब तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कार्यक्रम करने वाले नेताओं पर मुकदमे दर्ज नहीं होते तब तक वह धरने पर बैठे रहेंगे।
वहीं एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव का कहना है की नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है, कल भी रैली में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया जिस पर मुकदमें दर्ज किये गए है, साथ ही आगे भी जो शिकायतें मिलेंगे उस पर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर मुकदमा दर्ज न होने तक धरने देने की चेतावनी दी। कांग्रेस ने पुलिस पर भाजपा सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।