देहरादून: मंगलवार को सबसे पहले यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। मंगलवार को ही गंगोत्री धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। दोनों के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा का आगाज भी हो जाएगा। इस पवित्र हिमालयी यात्रा के दौरान यमुनोत्री, गंगोत्री, बद्रीनाथ और बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए हजारों लोग देश-दुनिया से यहां पहुंचते हैं। चार धाम यात्रा के लिए यात्रियों को पहला जत्थ रवाना हो चुका है। यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 900 से अधिक बसें बुक हो चुकी हैं। गंगोत्री धाम के लिए ऋषिकेश से संयुक्त रोटेशन की चार बसों में 124 यात्रियों का जत्था रवाना होने के साथ हिमालय की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। अक्षय तृतीया पर्व पर मंगलवार से यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। यात्रियों में चारधाम यात्रा को लेकर जबर्दस्त उत्साह नजर आ रहा है।
मंगलवार को सीएम दिखाएंगे हरी झंडी
पहले दल में हैदराबाद केयात्री दल को गंगोत्री के लिए रवाना किया गया। रवाना होने से पहले सभी यात्रियों को अतिथि देवो भवः की परंपरा के तहत तिलक लगाकार स्वागत किया गया। मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत यात्री वाहनों को हरी झंडी दिखाकर चारधाम यात्रा के लिए रवाना करेंगे।
बसों की मिली एडवांस बुकिंग
चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन व्यवसायियों में खासा उत्साह है। संयुक्त रोटेशन के पास अब तक 900 बसों की एडवांस बुकिंग आ चुकी है। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के प्रशासनिक अधिकारी बृजभानु प्रकाश गिरी ने बताया कि यह बसें यात्रा के पहले सप्ताह में चारधाम के लिए चली जाएंगी। कपाट खुलने की तिथि नजदीक आने के साथ ही एडवांस बुकिंग में तेजी आ गई है।
1451 बसों को किया गया आरक्षित
चारधाम यात्रा के लिए संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने 1451 बसों को आरक्षित किया है। संयुक्त रोटेशन 70 के दशक से चारधाम यात्रा के साथ गढ़वाल मंडल के लोकल मार्गों पर भी बसों का संचालन कर रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान संयुक्त रोटेशन लोकल रूट और यात्रा के लिए बसों का संचालन करता है।