देहरादून: भाजपा उत्तराखंड प्रदेश संगठन की बैठक शुरू हो गई है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में हो रही बैठक में कई अहम मसलों पर चर्चा होनी है। बैठक में सबसे अहम मसला गांधी संकल्प यात्रा का है। साथ है पार्टी कार्यक्रमों और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की भी समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा भाजपा अपने विवादित और बड़बोले विधायकों पर भी कड़ा एक्शन ले सकती है।
बैठक में प्रदेश में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे कई पदाधिकारियों के भाग्य को लेकर पार्टी बड़ा फैसला ले सकती है। पार्टी पहले ही बड़ी संख्या में पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। इतना ही नहीं कई बड़बोले विधायकों को कारण बताओ नोटिस दे चुकी है। सभी मामलों को लेकर पार्टी का कड़ा रुख है। अब देखना होगा कि उन पर पार्टी कार्रवाई करती है या फिर चुप्पी साध लेती है।
बैठक में राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश मौजूद हैं। उनके अलावा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद तीरथ सिंह रावत, प्रदेश के मंत्री मदन कौशिक, हरक सिंह रावत, धन सिंह रावत, रेखा आर्य, यशपाल आर्य के साथ ही कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी बैठक में मौजूद हैं।